दिल्ली-NCR में जन्माष्टमी पर बारिश का अलर्ट, IMD ने जताई तेज बौछारों की संभावना; मौसम रहेगा सुहावना

नई दिल्ली। जन्माष्टमी के मौके पर दिल्ली-NCR में मौसम करवट ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR में शुक्रवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। कई इलाकों में एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम में बदलाव से उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जन्माष्टमी पर कैसा रहेगा मौसम?
जन्माष्टमी के दिन बारिश होने की संभावना ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर होने वाले आयोजनों को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, बारिश के बावजूद कई जगह धार्मिक कार्यक्रम जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
तापमान में भी आएगी गिरावट
बारिश और बादल छाए रहने के कारण दिल्ली-NCR के अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
अगले दिनों में भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-NCR में शनिवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।



