लगातार बारिश से उफान पर अलकनंदा नदी, शिव प्रतिमा जलमग्न; जलस्तर खतरे के निशान के करीब

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से तट किनारे स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा जलमग्न हो गई है, जबकि नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा का बहाव तेज हो गया है। नदी किनारे स्थित घाटों और निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। शिव प्रतिमा के जलमग्न होने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो मानसून की गंभीर स्थिति को दर्शा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों को नदी के पास जाने, स्नान करने या सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।



