
उत्तराखंड में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने पहाड़ी इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम में भारी बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया है, वहीं तापमान माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया है।
बारिश और बर्फबारी के कारण कई जगह पहाड़ दरकने लगे हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बदरीनाथ हाईवे गोविंदघाट के पास पिनोला में बड़े-बड़े बोल्डर गिरने के कारण पूरी तरह बंद हो गया है।
इतना ही नहीं, नीति-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन की वजह से बाधित हो गया है। वहीं गंगोत्री हाईवे पर भी बर्फबारी के कारण आवाजाही ठप है और इसे खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
दूसरी ओर यमुनोत्री हाईवे जंगलचट्टी क्षेत्र में बंद है, जहां मार्ग खोलने का काम जारी है। लगातार दो दिनों की बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ हुआ है, लेकिन रास्ते बंद होने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बर्फबारी का असर निर्माण कार्यों पर भी पड़ा है। बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के काम फिलहाल रोक दिए गए हैं और मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।



