
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 187 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंचाई विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 144 अभ्यर्थियों और उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के अंतर्गत 43 पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस प्रकार कुल 187 चयनित अभ्यर्थियों/आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्तियां देने का कार्य भी सफलतापूर्वक किया है। पिछले वर्ष 150 आश्रितों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे और आज शेष 43 पात्र आश्रितों को यह सौंपे गए।
सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों से वर्ष 2024 में उत्तराखंड परिवहन निगम ने ₹56 करोड़ से अधिक का रिकॉर्ड लाभ अर्जित किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले प्रदेश में भर्तियों में भारी पक्षपात, धांधली और भ्रष्टाचार होता था। युवाओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने देश का सबसे सख्त एंटी-नकल कानून लागू किया है। अब सभी भर्तियाँ पूर्ण पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर हो रही हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को उनके हुनर और मेहनत का पूरा लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।




