उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के किसानों को भेजा गेहूं का उन्नत बीज, योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी!!

दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राहत का बड़ा कदम उठाते हुए बाढ़ से प्रभावित पंजाब के किसानों के लिए 1,000 क्विंटल उन्नत गेहूं बीज भेजा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास (पांच कालिदास मार्ग) से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर इस राहत सामग्री को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार पंजाब के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा, आपदा की इस घड़ी में पंजाब के किसान अकेले नहीं हैं, भारत सरकार और यूपी सरकार दोनों उनके साथ हैं।
कृषि विभाग और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम द्वारा भेजे गए 2,500 बोरों में डीबीडब्ल्यू-327 (करन शिवानी) किस्म का रोग प्रतिरोधी व जिंक बायो-फोर्टिफाइड गेहूं बीज शामिल है। यह बीज 155 दिनों में तैयार होता है और औसतन प्रति हेक्टेयर 80 क्विंटल तक उपज देता है।
योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश की 11% कृषि योग्य भूमि और 21% खाद्यान्न उत्पादन में योगदान देता है। बीज विकास निगम का लाभांश अब 148 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा, दीपावली का पर्व और खास बन गया है क्योंकि हम अपनी खुशियों में पीड़ित किसानों को शामिल कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए पांच सीड पार्क स्थापित करने की घोषणा भी की है। लखनऊ में बनने वाले पार्क का नाम पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखा जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार मौजूद रहे।
योगी ने इस अवसर पर सिख गुरु परंपरा को भी नमन किया और याद दिलाया कि गुरु हरगोबिंद जी महाराज के आगमन पर अमृतसर में दीप जलाए गए थे, जैसे प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने पर।



