नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का सम्मान!!

दो बार ओलंपिक में भारत का नाम रोशन करने वाले भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद पद प्रदान किया गया है। इससे पहले उन्हें जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) के रूप में सम्मानित किया गया था। यह विशेष सम्मान 22 अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में दिया गया।
भारत के राजपत्र के अनुसार, यह नियुक्ति 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी गई है। नीरज ने 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के रूप में शामिल होकर अपना सफर शुरू किया था। दो साल बाद उन्हें एथलेटिक्स में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2021 में खेल क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें खेल रत्न पुरस्कार से भी नवाजा गया।
नीरज को 2021 में सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया था। टोक्यो 2020 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें 2022 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। उसी वर्ष उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर भी प्रमोट किया गया और भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
ओलंपिक के अलावा नीरज ने 2018 में इंडोनेशिया में एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल, 2024 के ओलंपिक में सिल्वर मेडल, और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। हालांकि इस साल उनकी चोट के कारण प्रदर्शन सामान्य रहा।
नीरज चोपड़ा की इस नियुक्ति ने खेल और सेना दोनों में उनके योगदान को मान्यता दी है और यह उनके जीवन में एक और गर्वपूर्ण पल साबित हुआ है।



