जम्मू-कश्मीर में विवादित पुस्तकों पर बड़ी कार्रवाई, लेखक-प्रकाशक ब्लैकलिस्ट; 8 शिक्षा अधिकारी निलंबित

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी में कथित आपत्तिजनक सामग्री वाली पुस्तकों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मामले में प्रशासन ने संबंधित लेखकों और प्रकाशकों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है, जबकि स्कूल शिक्षा विभाग के 8 अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, समग्र शिक्षा अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी के लिए खरीदी गई दो पुस्तकों में कथित तौर पर अलगाववाद और आतंकवादियों का महिमामंडन करने वाली सामग्री होने का आरोप लगा। विवाद सामने आने के बाद इन पुस्तकों को तत्काल वापस लेने के निर्देश दिए गए और उनकी खरीद प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी गई।
उपराज्यपाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि बिना उचित समीक्षा के इन पुस्तकों को सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी के लिए कैसे मंजूरी दी गई। प्रशासन ने 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।



