गोंदिया में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर खड़ी ट्रक से बस टकराई, तीन यात्रियों की मौत, कई गंभीर

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ से आ रही एक निजी बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दुर्घटना गुरुवार देर रात करीब 12:20 बजे देवरी तहसील के धोंबिसराड़ गांव के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के कवर्धा से महाराष्ट्र के चंद्रपुर की ओर जा रही थी। रात के अंधेरे में बस चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और तेज रफ्तार बस सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
बस में कुल 45 यात्री सवार थे। मृतकों में खैरागढ़ निवासी सुनीता हेमलाल बघेले (45) और कवर्धा के मनोप बाबलू पाटले (40) की पहचान हुई है, जबकि तीसरे मृतक की जानकारी पुलिस ने अभी सार्वजनिक नहीं की है।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर प्रवीण डांगे की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। आसपास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जांच में सामने आया कि ट्रक सड़क किनारे इसलिए खड़ा था क्योंकि उसका डीज़ल खत्म हो गया था। बस चालक चंद्रशेखर चौधरी ट्रक को पहचान नहीं पाया और यह भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर आया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



