कोलकाता में 5 लाख लोगों का गीता पारायण, ब्रिगेड ग्राउंड में गूंजी आध्यात्मिक एकता

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रविवार को विशाल गीता पारायण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें अनुमानित 5 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ भगवद्गीता के श्लोकों का सामूहिक पाठ किया। यह आयोजन सनातन संस्कृति संसद की ओर से किया गया था, जहां ढोल-नगाड़ों और झांझ की ध्वनियों से पूरा मैदान गूंज उठा।
हाल ही में मुर्शिदाबाद में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनाए जा रहे एक मस्जिद मॉडल की बुनियाद रखे जाने के एक दिन बाद हुआ यह बड़ा धार्मिक आयोजन चर्चा में बन गया।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि यह हिंदुओं की “जन जागृति” का प्रमाण है। उनके अनुसार, “यह जन चेतना का परिणाम है… बंगाल में हिंदुत्व खतरे में है और गीता ही सबको एकजुट करने का सबसे बड़ा माध्यम है।”
भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने भी कहा कि बंगाल के संत वर्षों से ऐसे गीता पारायण आयोजित कर रहे हैं और लाखों लोग इसमें शामिल होकर आध्यात्मिक एकता को मजबूत कर रहे हैं।
पद्मश्री सम्मानित कृतिक महाराज (प्रदीप्तानंद महाराज) ने कहा कि भगवद्गीता हिंदू धर्म का सबसे पवित्र ग्रंथ है और यह सभी को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि देशभर के संत इस आयोजन का हिस्सा बने, जो हिंदू एकता को मजबूत करने की एक बड़ी पहल है।
यह पूरा आयोजन एक आध्यात्मिक अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य शहरभर के भक्तों को एक साथ लाकर भगवद्गीता के सामूहिक पाठ के माध्यम से धार्मिक एकता को और मजबूत करना है।



