
हरिद्वार में पहली बार ट्रांसजेंडर को मिली स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर की जिम्मेदारी
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सामाजिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम ने पहली बार किन्नर समाज की सदस्य को स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। 57 वर्षीय सोनिया बुआ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर सोनिया बुआ ने इसे पूरे किन्नर समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज सदैव सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का हिस्सा रहा है, और अब स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण अभियान से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि सोनिया बुआ और उनके साथी धर्मनगरी के घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज के हर वर्ग को सम्मानजनक स्थान देकर ही वास्तविक बदलाव संभव है।
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र की निवासी सोनिया बुआ ने अपने जीवन संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि 20 वर्ष की आयु में वह शहर आई थीं। शुरुआती दौर में उन्हें समाज ही नहीं, बल्कि परिवार से भी उपेक्षा और अपमान का सामना करना पड़ा। आज नगर निगम द्वारा दिए गए सम्मान से वह भावुक हैं और इसे अपनी नई जिम्मेदारी के रूप में पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेती हैं।
उन्होंने कहा कि वे मांगलिक कार्यक्रमों में अपने साथियों के साथ शामिल होकर भी स्वच्छता का संदेश फैलाएंगी और लोगों को जागरूक करेंगी।
यह पहल हरिद्वार में सामाजिक समानता और सहभागिता की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।



