
ग्रेटर नोएडा: होली पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग का मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव स्थित एक दुकान पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान दुकान पर रखा गया करीब 200 किलोग्राम पनीर जांच में दूषित पाया गया। प्राथमिक जांच में पनीर में मिलावट की पुष्टि होने पर विभाग ने मौके पर ही पूरे स्टॉक को नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अन्य स्थानों पर भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई और कुल 10 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि मिलावटखोरों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



