उत्तराखंडक्राइमदेहरादूनहरिद्वार

देहरादून से दिल दहला देने वाली वारदात 4 महीने पहले हुई थी शादी पति ने ही कर दी पत्नी की हत्या

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सो रही पत्नी का मुंह कंबल से दबाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। मृतका के भाई सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग ने 4 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शाहबाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर, देहरादून से हुई थी।

शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही कहकशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 3–4 मार्च 2026 की रात को ससुराल पक्ष द्वारा कहकशा को गंभीर हालत में महंत इंद्रेश अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया। मृतका की शादी को केवल चार महीने ही हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरा गया और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस जांच में खुला हत्या का राज

मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के बाद पुलिस ने 5 मार्च 2026 को आरोपी पति शाहबाज आलम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ घरवालों ने कराई थी। वह अपनी पत्नी को कम पढ़ी-लिखी मानता था और शादी में कम दहेज मिलने से भी नाराज था। इसी कारण शादी के बाद उसका और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक सप्ताह पहले ही अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। उसकी योजना थी कि पत्नी की हत्या के बाद वह किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी करेगा और अधिक दहेज प्राप्त करेगा।

सोती हुई पत्नी का दबाया मुंह

आरोपी के अनुसार 3 मार्च 2026 को रात में जब उसकी पत्नी सो रही थी, तब उसने मौके का फायदा उठाते हुए कंबल से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी और मृतका को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बीमारी से मौत दिखाने की थी योजना

पुलिस के मुताबिक आरोपी की योजना थी कि वह पत्नी की मौत को बीमारी से हुई मौत बताकर मामले को दबा देगा। उसने मृतका के परिजनों को भी यही बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

हालांकि अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद मामला खुल गया और आरोपी घबरा कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी का नाम शाहबाज आलम (29 वर्ष) पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी सी-36 रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून है। वह मूल रूप से ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button