देहरादून: योनेक्स सनराइज 24वीं उत्तराखंड स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में दून की ‘शटलर दादी’ के नाम से मशहूर निर्मला नेगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए।
65 प्लस आयु वर्ग में निर्मला नेगी ने महिला डबल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा उन्होंने महिला एकल और मिश्रित युगल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किए।
यह प्रतियोगिता 27 फरवरी से 1 मार्च तक हल्द्वानी में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश भर से मास्टर्स वर्ग के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 65 प्लस वर्ग में निर्मला नेगी ने अपने अनुभव और बेहतरीन खेल के दम पर तीन पदक जीतकर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए गुरुवार को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित भी किया गया।
स्टेट मास्टर्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निर्मला नेगी का चयन 18 से 25 मार्च तक गोवा में होने वाली ऑल इंडिया मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भी किया गया है। इस प्रतियोगिता में वह उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
गौरतलब है कि निर्मला नेगी मास्टर्स बैडमिंटन में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं, और अपनी उम्र में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।



