उत्तराखंडदेहरादूनहरिद्वार

रामगंगा प्लांट बंद होने से राज्य में बिजली उत्पादन गिरा, यूपीसीएल पर बढ़ा दबाव

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में रामगंगा जल विद्युत परियोजना के बंद होने से राज्य का बिजली उत्पादन काफी कम हो गया है। रामगंगा की 198 मेगावाट क्षमता वाली परियोजना पिछले दो दिनों से बंद है, जिसके कारण यूजेवीएनएल (UJVNL) का कुल बिजली उत्पादन निचले स्तर पर पहुंच गया है और बिजली आपूर्ति बनाए रखना चुनौती बन गया है।

जानकारी के अनुसार राज्य में सामान्य परिस्थितियों में बिजली उत्पादन लगभग 90 लाख यूनिट तक पहुंचता है, लेकिन वर्तमान में यह घटकर करीब 70 लाख यूनिट रह गया है। उत्पादन में गिरावट के कारण उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) पर मांग के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने का दबाव बढ़ गया है।

प्रदेश में इन दिनों बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को राज्य में बिजली की मांग करीब 4.5 करोड़ यूनिट रही, जबकि उपलब्धता लगभग 2.1 करोड़ यूनिट ही हो सकी। इस कारण कई ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों में बिजली कटौती भी जारी रही।

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सर्दियों में कम वर्षा और कम हिमपात के कारण नदियों का जलस्तर भी कम है, जिससे जल विद्युत परियोजनाओं का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। हालांकि आने वाले समय में तापमान बढ़ने और ग्लेशियर पिघलने से नदियों में पानी बढ़ने पर बिजली उत्पादन में सुधार होने की उम्मीद है।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के लिए अन्य स्रोतों से बिजली की व्यवस्था भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button