वडीनार पोर्ट पहुंचा LPG टैंकर ‘नंदा देवी’, आज से शुरू होगा ट्रांसफर

जामनगर (गुजरात): भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी से भरा भारतीय टैंकर ‘नंदा देवी’ गुजरात के वडीनार पोर्ट पर पहुंच गया है। यह टैंकर करीब 46,500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आया है, जो देश में गैस सप्लाई को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इस एलपीजी को शिप-टू-शिप (STS) ट्रांसफर प्रक्रिया के जरिए दूसरे जहाज में स्थानांतरित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज से होने जा रही है।
यह टैंकर कतर से रवाना हुआ था और हॉर्मुज जलडमरूमध्य जैसे संवेदनशील और तनावग्रस्त क्षेत्र को सुरक्षित पार कर भारत पहुंचा। मौजूदा वैश्विक हालात के बीच यह यात्रा काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थी।
इससे पहले एक और एलपीजी टैंकर ‘शिवालिक’ भी मुंद्रा पोर्ट पहुंच चुका है। लगातार दो टैंकरों के आगमन से देश में गैस आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इन टैंकरों के जरिए घरेलू और औद्योगिक उपयोग के लिए एलपीजी की उपलब्धता बेहतर होगी। साथ ही, देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।



