अमेरिका का बड़ा हमला: ईरान पर 5000 पाउंड बम गिराए, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के पास मिसाइल ठिकाने निशाने पर

वॉशिंगटन/तेहरान: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान पर बड़ा सैन्य हमला किया है। अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के पास ईरान के मिसाइल ठिकानों पर 5000 पाउंड के शक्तिशाली “बंकर बस्टर” बम गिराए।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ये हमले उन भूमिगत ठिकानों पर किए गए जहां एंटी-शिप मिसाइलें तैनात थीं, जो अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए बड़ा खतरा मानी जा रही थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों और जहाजों पर खतरे को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। यह समुद्री मार्ग दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है और यहां तनाव के कारण वैश्विक तेल कीमतों में भी उछाल देखा गया है।
इस्तेमाल हुआ खतरनाक हथियार
इस ऑपरेशन में अमेरिका ने GBU-72 जैसे हाई-पावर बंकर बस्टर बम का इस्तेमाल किया, जो जमीन के नीचे बने मजबूत ठिकानों को भी नष्ट करने में सक्षम है।
इस हमले के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया है। पहले से जारी संघर्ष के बीच इस कार्रवाई ने हालात को और गंभीर बना दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।


