रुद्रपुर में चौंकाने वाला मामला: मिड-डे मील के लिए कक्षा 5 के छात्र को सिलेंडर लेने भेजा

उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक सरकारी स्कूल का कक्षा पांच का छात्र स्कूली ड्रेस में गैस सिलेंडर की लाइन में खड़ा नजर आया।
जानकारी के अनुसार, यह छात्र अपने घर के लिए नहीं बल्कि स्कूल के मिड-डे मील के लिए गैस सिलेंडर लेने भेजा गया था। बारिश के बीच सड़क किनारे खड़े इस मासूम को देखकर जब उससे बात की गई, तो पूरी स्थिति सामने आई।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय का छात्र अमित शुक्रवार को अपना अंग्रेजी का पेपर देने के बाद सीधे गैस एजेंसी पहुंच गया। वह इंडेन गैस एजेंसी, गावा चौक पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़ा था। उसके साथ भोजनमाता अन्नू भी मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि स्कूल में मिड-डे मील पकाने के लिए गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। ऐसे में शिक्षकों ने खुद जाने के बजाय छात्र को ही सिलेंडर लेने भेज दिया।



