उत्तरकाशी के फीताड़ी गांव में भीषण आग, 12 मकान जलकर राख, मवेशियों की भी मौत
लकड़ी के घरों में लगी आग ने लिया विकराल रूप, कई अन्य मकानों पर भी मंडराया खतरा

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित फीताड़ी गांव में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर करीब 12 आवासीय भवन जलकर राख हो गए, जबकि तीन गाय जिंदा जल गईं।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले दो लकड़ी के मकानों में लगी और देखते ही देखते पूरे इलाके में फैल गई। गांव में अधिकांश घर लकड़ी के बने होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अन्य मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती रही।
करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कई परिवार बेघर हो गए।
वहीं, प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ितों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।



