
देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस (एलपीजी) की किल्लत के बीच अब पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को तेजी से बढ़ावा देने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में अधिक से अधिक घरों को पीएनजी से जोड़ा जाए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इस संबंध में समीक्षा बैठक कर पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद संबंधित गैस कंपनियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और बारिश से पहले ज्यादा से ज्यादा घरों तक गैस आपूर्ति पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्तमान में देहरादून में करीब 2100 घरों और 25 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पीएनजी की आपूर्ति हो रही है। शहर में 250 किलोमीटर से अधिक पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि लगभग 100 किलोमीटर पाइपलाइन में जल्द गैस सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है।
करीब 35 हजार घर ऐसे हैं जहां पाइपलाइन और मीटर तो लगाए जा चुके हैं, लेकिन अभी उन्हें मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा गया है। प्राथमिकता के आधार पर इन घरों में जल्द गैस आपूर्ति शुरू की जाएगी।
एलपीजी संकट के चलते होटल-रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी अब पीएनजी की ओर रुख कर रहे हैं। हाल ही में कई बड़े प्रतिष्ठानों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।
हालांकि, पाइपलाइन बिछाने में अनुमति और मौसम जैसी बाधाएं परियोजना की गति को प्रभावित कर रही हैं। इसके बावजूद सरकार का फोकस है कि लोगों को एलपीजी पर निर्भरता कम कर सुगम गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।



