
उत्तराखंड के श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने ‘प्रज्ञानम्’ नामक एआई चैटबॉट तैयार किया है, जिसके जरिए अब वेद, उपनिषद और प्राचीन भारतीय ज्ञान से जुड़ी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी।
यह चैटबॉट खासतौर पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम लोगों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता वेद, उपनिषद, ज्योतिष, खगोल विज्ञान, प्राचीन गणित और अन्य पारंपरिक विषयों से जुड़े सवालों के शोध-आधारित और प्रमाणिक उत्तर प्राप्त कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर में बीसीए विभाग के शिक्षकों द्वारा विकसित इस चैटबॉट को तैयार करने में लगभग एक वर्ष का समय लगा। यह परियोजना भारतीय ज्ञान प्रणाली पर किए गए शोध, राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस और प्रकाशित सामग्री पर आधारित है।
चैटबॉट की खास बात यह है कि यह न केवल लिखित बल्कि मौखिक रूप में भी जवाब देने में सक्षम है, जिससे जटिल विषयों को समझना और आसान हो जाएगा।



