
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र के लीती गांव में पुलिस चेकिंग के दौरान एक होटल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने होटल की तलाशी के दौरान 104 जिलेटिन रॉड्स (विस्फोटक छड़ें) बरामद कीं और मौके से होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार देर शाम शामा चौकी प्रभारी सुमित कुमार अपनी टीम के साथ नियमित चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुख्य तिराहे पर स्थित एक होटल की तलाशी ली गई, जहां से बेलनाकार संदिग्ध विस्फोटक छड़ें मिलीं। इन पर “राज जैल 90, राजस्थान एक्सप्लोसिव केमिकल्स लिमिटेड” अंकित था, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पान सिंह (52), निवासी लीती गांव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि 2010 से 2012 के बीच सड़क निर्माण कार्य के दौरान बची विस्फोटक सामग्री उसने अपने पास रख ली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही, सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार की तलाश भी तेज कर दी गई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता (BDS) और स्निफर डॉग ‘मौली’ को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने होटल और आसपास के इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री को पुराना जिलेटिन बारूद बताया गया है, जिसे सुरक्षा मानकों के तहत जल्द नष्ट किया जाएगा।
एसपी बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने कहा कि बरामद विस्फोटक करीब 15 साल पुराना है और इसे कानूनी प्रक्रिया के तहत शीघ्र नष्ट किया जाएगा। इस बरामदगी के बाद पूरे कपकोट क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।



