ऋषिकेश/हरिद्वार: चारधाम यात्रा 2026 के लिए आज से बनेंगे वाहनों के ग्रीन कार्ड, बिना कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने आज से हरिद्वार और ऋषिकेश में कमर्शियल वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, और बिना ग्रीन कार्ड किसी भी व्यवसायिक वाहन को यात्रा मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा इस व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। वहीं ऋषिकेश में पूजा-अर्चना के बाद वाहन स्वामियों को ग्रीन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। परिवहन विभाग के अनुसार, पोर्टल पर निर्धारित शुल्क जमा करने और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही वाहन मालिकों को ग्रीन कार्ड जारी होगा।
एआरटीओ (प्रशासन) रावत सिंह कटारिया ने बताया कि पहले यह प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण तिथि में बदलाव किया गया। अब एनआईसी की आईटी टीम द्वारा पोर्टल का सफल परीक्षण कर लिया गया है और सभी व्यवसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।
ग्रीन कार्ड दरअसल यात्रा मार्ग पर चलने वाले वाहनों की फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच के बाद जारी किया जाने वाला अनिवार्य दस्तावेज है। इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि वाहन पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षित रूप से चलने के योग्य है। विभाग ने साफ किया है कि बिना ग्रीन कार्ड वाहन पकड़े जाने पर भारी जुर्माना या वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
चारधाम यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार प्रशासन सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है। ग्रीन कार्ड व्यवस्था से यात्रा मार्ग पर केवल फिट और अधिकृत वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित होगी, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुरक्षित बन सकेगी।



