देहरादून: सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के घर पहुंचे सीएम धामी, दी श्रद्धांजलि; दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून के जोहड़ी गोलीकांड में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के आवास पर बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पूरे प्रदेश में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही साफ किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार, ब्रिगेडियर मुकेश जोशी रोज की तरह अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवकों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनका इस विवाद से कोई संबंध नहीं था और वे पूरी तरह निर्दोष थे।
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जिस जेन-जी क्लब से विवाद शुरू हुआ था, उसे भी सील कर दिया गया है। इस घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निगरानी बढ़ा दी गई है।



