देहरादून: गोलीकांड के बाद सख्त एक्शन, कुठालगेट चौकी प्रभारी और उप आबकारी निरीक्षक निलंबित

देहरादून में हाल ही में हुए पूर्व ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद उत्तराखंड सरकार ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक कर पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाने के निर्देश दिए हैं।
इस कार्रवाई के तहत देहरादून के कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। सरकार ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने डीजीपी दीपम सेठ को प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने, देर रात संचालित बार और पब्स पर सख्ती बढ़ाने, रोड रेज, फायरिंग और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने और किरायेदारों व पीजी का सत्यापन अभियान तेज करने को कहा गया।
सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय कर दी है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को देहरादून की कानून व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग, जबकि एसटीएफ और जिला पुलिस को सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि राज्य में अपराध और लापरवाही पर अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।



