उत्तराखंड: आज से पानी के लिए ज्यादा रुपये चुकाने होंगे, जल संस्थान ने बिलों में किया चार फीसदी का इजाफा

उत्तराखंड में जल संस्थान की पाइपलाइन से पानी लेने वाले उपभोक्ताओं को आज से ज्यादा बिल चुकाना होगा। विभाग ने पानी के बिलों में करीब चार फीसदी की बढ़ोतरी लागू कर दी है। यह संशोधन 2013 के बेस रेट पर तय टैरिफ संरचना के तहत हर साल की जाने वाली वार्षिक बढ़ोतरी का हिस्सा है।
अधिकारियों के मुताबिक पहले लोअर स्लैब में नौ फीसदी और ऊपरी स्लैब में 11 फीसदी तक बढ़ोतरी की व्यवस्था थी, लेकिन इस बार इसे घटाकर चार फीसदी कर दिया गया है। जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह ने बताया कि बिल निर्धारण हाउस टैक्स असेसमेंट और वैल्यूमेट्रिक टैरिफ (लीटर आधारित खपत) के आधार पर किया जाता है।
प्रदेशभर में करीब 50 हजार उपभोक्ता इस वैल्यूमेट्रिक टैरिफ व्यवस्था के दायरे में आते हैं, जिन पर नई दरें सीधे असर डालेंगी। बढ़ी हुई दरों के बाद घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है, खासकर शहरी क्षेत्रों में जहां जल संस्थान की सप्लाई पर निर्भरता अधिक है।
हाल ही में बिजली दरों और अन्य उपयोगिता शुल्कों में बदलाव के बीच पानी के बिलों में यह बढ़ोतरी आम लोगों के लिए महंगाई का एक और झटका मानी जा रही है। हालांकि विभाग का कहना है कि यह नियमित वार्षिक प्रक्रिया के तहत की गई सीमित वृद्धि है।



