उत्तराखंड

टिहरी हादसा: लंबगांव के पास डंपर खाई में गिरा, चालक समेत दो की मौत

Listen to this News

उत्तराखंड के टिहरी जिले से गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई। लंबगांव क्षेत्र के ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। क्यारी गांव के ऊपर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार डंपर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में डंपर चालक सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश और उसके साथ सवार गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36), निवासी ग्राम रौणिया गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button