देहरादून: गैस किल्लत पर भड़का जनाक्रोश, शिमला बाईपास जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

देहरादून में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को भुड्डी गांव क्षेत्र में नाराज महिलाओं और स्थानीय लोगों ने शिमला बाईपास जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर सिलेंडर न मिलने से लोगों की दैनिक जरूरतें प्रभावित हो रही हैं, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने गैस एजेंसी संचालकों और पूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया, जिससे शिमला बाईपास पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से गैस की सप्लाई नियमित नहीं हो रही है और बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या का ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।



