देश

लखनऊ: बिरयानी के पीस को लेकर विवाद, रेस्टोरेंट स्टाफ ने ग्राहकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Listen to this News

लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों ने ग्राहकों पर लोहे की रॉड, डंडों और कुर्सियों से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित सूरज प्रजापति अपने दोस्त मो. आमिर के साथ बिरयानी पैक कराने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इसी दौरान चिकन के पीस को बदलने की बात पर उनकी दुकान मालिक रिजवान से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रिजवान, कर्मचारी जमीर और 10-12 अन्य लोगों ने दोनों ग्राहकों को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता देवेंद्र प्रताप सिंह भी हमले में घायल हो गए।

हमले में सूरज के सिर पर गंभीर चोट आई है और उनके हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। आमिर भी मारपीट में बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और पीड़ित की शिकायत पर होटल संचालक रिजवान समेत 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान और उसके कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच जारी है। यह घटना राजधानी में कानून व्यवस्था और मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने पर सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button