रुद्रपुर: दुबई ले जाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो सगे भाइयों पर केस दर्ज

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाब की 20 वर्षीय युवती की शिकायत पर रुद्रपुर निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले युवती को बहाने से दुबई ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद धमकी देकर दिल्ली बुलाया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता पटियाला की रहने वाली है और दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया स्टडी वीजा के सिलसिले में उसकी मुलाकात रुद्रपुर के दो भाइयों गौरव सिंह और साहिल सिंह से हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने भरोसे में लेकर उसे दुबई बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। बाद में पीड़िता की तहरीर पर पटियाला पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला रुद्रपुर ट्रांसफर कर दिया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान वीडियो कॉल के माध्यम से दर्ज किए गए हैं और मेडिकल परीक्षण के लिए उसे रुद्रपुर बुलाया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नेहा राणा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



