कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खाना खा रही 4 साल की मासूम को गुलदार उठा ले गया, 2 किमी दूर मिला शव

कोटद्वार के पोखड़ा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां घर की चौखट पर खाना खा रही चार साल की मासूम बच्ची को गुलदार उठाकर ले गया। काफी देर तक तलाश के बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद हुआ। यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का कारण बन गई है।
जानकारी के अनुसार, भतकोट गांव निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि गुरुवार रात करीब आठ बजे घर की चौखट पर अपनी दादी और बड़ी बहन के साथ खाना खा रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर उसे खींच लिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार जंगल की ओर भाग चुका था।
ग्रामीणों ने रातभर बच्ची की तलाश की और देर शाम उसका शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और डीएफओ व जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की।
शुक्रवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में घर के पास ही पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीण वन विभाग से जल्द कार्रवाई और पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।



