नई दिल्ली: मई से कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाएगा OPEC+, सऊदी अरब-रूस की 60% से ज्यादा हिस्सेदारी

वैश्विक ऊर्जा बाजार को स्थिर रखने के लिए OPEC+ के आठ प्रमुख देशों ने मई 2026 से कच्चे तेल के उत्पादन में 2.06 लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी का फैसला किया है। इस बढ़ोतरी में सऊदी अरब और रूस अकेले 60% से अधिक योगदान देंगे, जिससे दोनों देशों की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है।
OPEC+ की वर्चुअल बैठक में तय किया गया कि अप्रैल 2023 में लागू 1.65 मिलियन बैरल प्रतिदिन की स्वैच्छिक कटौती में से अब 206,000 बैरल प्रतिदिन बाजार में वापस लाया जाएगा। यह फैसला मौजूदा वैश्विक मांग, सप्लाई जोखिम और पश्चिम एशिया में बढ़े भू-राजनीतिक तनाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
देशवार हिस्सेदारी की बात करें तो सऊदी अरब और रूस 62-62 हजार बैरल प्रतिदिन, इराक 26 हजार, यूएई 18 हजार, कुवैत 16 हजार, कजाकिस्तान 10 हजार, अल्जीरिया 6 हजार और ओमान 5 हजार बैरल प्रतिदिन उत्पादन बढ़ाएंगे। इसके बाद मई के लिए सऊदी अरब का लक्ष्य 10,228 kbd और रूस का 9,699 kbd तय किया गया है।
OPEC+ ने साथ ही ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों और समुद्री सप्लाई रूट्स में व्यवधान को लेकर चिंता जताई है। समूह ने कहा कि बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उत्पादन वृद्धि को रोकने, बढ़ाने या वापस लेने का विकल्प खुला रहेगा। अगली समीक्षा बैठक 3 मई 2026 को होगी।



