उत्तराखंड

कालाढूंगी-नैनीताल रोड का प्रिया बैंड बना हादसों का ब्लैक स्पॉट, आरटीओ ने सुझाए सुधार के उपाय

Listen to this News

हल्द्वानी: कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर स्थित प्रिया बैंड (अंधा मोड़) लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। बढ़ते हादसों के बाद सोमवार को आरटीओ अरविंद कुमार पांडेय, डॉ. गुरदेव सिंह और लोनिवि के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में इस मोड़ पर कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) को हादसों की सबसे बड़ी वजह माना गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नीचे उतरने वाले वाहनों के चालकों को सामने से आने वाली गाड़ी मोड़ पर आने के बाद ही दिखाई देती है। इसी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। समस्या के समाधान के लिए झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता करीब दो मीटर बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह मोड़ ढलान पर होने के कारण और अधिक खतरनाक हो जाता है। नैनीताल से उतरते समय कई वाहन टॉप गियर में रहते हैं, जिससे लगातार ब्रेक के इस्तेमाल से ब्रेक फेल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके अलावा ब्लाइंड मोड़ होने के बावजूद कई चालक हॉर्न का इस्तेमाल नहीं करते, जिससे अचानक सामने वाहन आने पर हादसे हो जाते हैं।

पिछले दो वर्षों में यहां कई बड़े हादसे हो चुके हैं। दिसंबर 2024 और मई 2024 में टेंपो-ट्रैवलर पलटने की घटनाओं में कई लोग घायल हुए, जबकि कुछ यात्रियों की मौत भी हुई थी। आरटीओ ने कहा कि कालाढूंगी से नैनीताल तक ऐसे अंधे मोड़ों को चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button