श्रीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: लश्कर के अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत पांच गिरफ्तार

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। श्रीनगर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कई राज्यों में फैले एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मॉड्यूल के तार राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से जुड़े मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 19 स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल सबूत और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ और उन्हें स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में सक्रिय था।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक शीर्ष लश्कर कमांडर अबू हुरैरा भी शामिल है, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी। इस गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और NIA समेत केंद्रीय एजेंसियों के भी जांच में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि मॉड्यूल का फंडिंग नेटवर्क, हथियार सप्लाई और अन्य राज्यों में मौजूद संपर्क कितने बड़े स्तर पर फैले हुए हैं। माना जा रहा है कि इस खुलासे के बाद आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



