रुद्रपुर पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 25 हजार का इनामी शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार

रुद्रपुर के चर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में उत्तराखंड एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से एसटीएफ ने उसे आखिरकार रुद्रपुर से दबोच लिया। यह गिरफ्तारी हत्याकांड की जांच में एक बड़ा ब्रेकथ्रू मानी जा रही है।
यह सनसनीखेज वारदात 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में हुई थी, जब भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी को घर से बाहर बुलाकर दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया था। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी, जिसके लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में सात आरोपियों में से छह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि रिंकू शर्मा अब तक फरार था। आरोपी मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का निवासी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



