उत्तरकाशी में हाई वोल्टेज ड्रामा: जांच आदेश के बाद आर्च ब्रिज पर चढ़े नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, डीएम को मौके पर बुलाने की मांग

उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में उस समय हड़कंप मच गया जब नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कोहली अचानक आर्च ब्रिज पर चढ़ गए और मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे। यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया जब उनके खिलाफ कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के आदेश जारी किए गए थे। ब्रिज पर चढ़े अध्यक्ष को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से सभासद नगरपालिका में भ्रष्टाचार की जांच और ईओ के तबादले की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम डुंडा समेत तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर वित्तीय अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए। इसी आदेश के बाद बुधवार को मनोज कोहली ने यह नाटकीय कदम उठाया।
प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों को मौके पर भेजा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। इस घटना ने स्थानीय राजनीति और पालिका प्रशासन में चल रहे विवाद को और तेज कर दिया है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह तय होगा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में कितनी सच्चाई है।



