14 अप्रैल को दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, रोड शो और सांस्कृतिक स्वागत से बनेगा जन-उत्सव

देहरादून में 14 अप्रैल को एक ऐतिहासिक दिन देखने को मिलेगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुप्रतीक्षित दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि पीएम के स्वागत के लिए शंखनाद और घंटानाद के साथ भव्य तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री पहले डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद गढ़ीकैंट सभा स्थल तक रोड शो में हिस्सा लेंगे। पूरे कार्यक्रम को जन-उत्सव का रूप देने के लिए राज्यभर में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री आवास में हुई उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश दिए गए कि आयोजन में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति की झलक भव्य रूप से दिखनी चाहिए। लोकनृत्य, लोकसंगीत और राष्ट्रीय ध्वज के साथ लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि रोड शो के दौरान देहरादून उत्सवमय नजर आए। प्रशासन को कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
करीब 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। यह कॉरिडोर पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई रफ्तार देने वाला माना जा रहा है। हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी जाने वाले यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।



