नैनीताल में शादी समारोहों को राहत: अब हर विवाह के लिए मिलेंगे दो कमर्शियल गैस सिलिंडर, डीएम का आदेश तत्काल लागू

नैनीताल में एलपीजी आपूर्ति संकट के बीच जिला प्रशासन ने शादी-विवाह वाले परिवारों को बड़ी राहत दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तत्काल प्रभाव से आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब हर विवाह समारोह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर आवंटित किए जाएंगे। यह फैसला लगातार बढ़ रही गैस किल्लत और शादी सीजन में बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं पर दबाव कम हो और आयोजनों में भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो।
प्रशासन ने इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी लागू कर दी है। तहसील स्तर पर नामित अधिकारी आवेदकों से जरूरी दस्तावेज लेंगे, उनकी जांच करेंगे और अस्थायी गैस कनेक्शन के लिए संबंधित एजेंसी को संस्तुति भेजेंगे। इसके बाद गैस एजेंसी समारोह के लिए सिलिंडर उपलब्ध कराएगी। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से सिलिंडरों का पारदर्शी और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित होगा।
इसी बीच नैनीताल शहर और आसपास के इलाकों में गैस वितरण को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। तल्लीताल, पुलिस लाइन, एटीआई, डीएसबी और नारायण नगर समेत कई इलाकों में रोस्टर के अनुसार सिलिंडर बांटे गए, जबकि खैरना-गरमपानी बाजार में गैस वाहन पहुंचते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत अतिरिक्त गैस बुकिंग न करें।



