देश

सीआरपीएफ कैंप में बिना अनुमति घुसे दो युवक, एजेंसियां अलर्ट

Listen to this News

रामपुर (उत्तर प्रदेश):
रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है, जहां दो संदिग्ध युवक बिना अनुमति कैंप परिसर में घुस गए। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से कैंप के अंदर प्रवेश कर गए थे। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें संदिग्ध हालत में घूमते देखा और तुरंत रोककर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और गुमराह करने की कोशिश की।

सख्ती से पूछताछ के बाद उनकी पहचान नईम (पटवाई) और भूरा (घोसीपुरा) के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सीआरपीएफ अधिकारियों की तहरीर पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों युवकों से पूछताछ के बाद उनका चालान किया गया और मामले की गहराई से जांच जारी है।

पुलिस उनके मोबाइल, पहचान पत्र और संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके कैंप में घुसने का उद्देश्य क्या था और क्या उनका किसी संदिग्ध गतिविधि से संबंध है।

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसी सीआरपीएफ कैंप पर वर्ष 2007 में आतंकी हमला हो चुका है, जिसमें कई जवान शहीद हुए थे। इस घटना के बाद से कैंप की सुरक्षा पहले से ही कड़ी रखी गई थी।

घटना के बाद कैंप की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सभी एंट्री पॉइंट्स पर निगरानी कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button