उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट: केदारनाथ-यमुनोत्री धाम बर्फ से ढके, मैदानों में बारिश से बढ़ी ठिठुरन

केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में ताज़ा बर्फबारी ने उत्तराखंड के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। दोनों धाम सफेद बर्फ की चादर में लिपटे नजर आए, जहां ऊंची चोटियों से लेकर मंदिर परिसर तक हर ओर सिर्फ बर्फ ही बर्फ दिखाई दी। लगातार हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते ठंड में अचानक इजाफा हो गया है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर सिर्फ पहाड़ों तक सीमित नहीं रहा। देहरादून समेत कई मैदानी जिलों में रातभर बारिश के बाद तापमान गिर गया, जिससे लोगों को एक बार फिर स्वेटर और जैकेट निकालने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में चकराता, मसूरी, कोटद्वार और कीर्तिनगर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि कोटी में सबसे अधिक 57 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के बर्फ से ढके मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं, लेकिन बढ़ती ठंड और फिसलन प्रशासन के लिए चुनौती भी बन सकती है।



