खटीमा में पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने CSD कैंटीन और सैनिक मिलन केंद्र का किया लोकार्पण

खटीमा/ऊधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने खटीमा में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए CSD कैंटीन और सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम उनके पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह के दौरान हुआ, जहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैन्य परिवारों के लिए राहत और सम्मान का केंद्र बनेगी। CSD कैंटीन शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के सैनिक परिवारों को अब जरूरी वस्तुओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जबकि सैनिक मिलन केंद्र आपसी संवाद, सहायता और सम्मान कार्यक्रमों का प्रमुख स्थल बनेगा।
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय संगठनों ने जगह-जगह स्वागत पंडाल लगाए। फूलों की वर्षा और अभिनंदन के बीच सीएम धामी का स्वागत किया गया। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक संगठन और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।



