देश

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी: ई-मेल में खालिस्तान का जिक्र, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

Listen to this News

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर धमकी भरा ई-मेल मिलने से राजधानी में हड़कंप मच गया। ई-मेल में विधानसभा परिसर के साथ विधानसभा मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी गई और कथित तौर पर खालिस्तान जनमत संग्रह का भी जिक्र किया गया। यह धमकी ऐसे समय आई है जब विधानसभा में अहम सत्र और बजट से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

धमकी भरा पहला मेल सुबह करीब 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ई-मेल पर, जबकि दूसरा 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की ई-मेल आईडी पर भेजा गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक ई-मेल में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल समेत कई बड़े नेताओं के नाम भी लिखे गए थे। जांच एजेंसियां अब ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और संभावित साइबर लिंक की पड़ताल कर रही हैं। हाल के दिनों में दिल्ली के कई स्कूलों और सरकारी संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे इसे साइबर-आतंकी पैटर्न के तौर पर भी देखा जा रहा है।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि फिलहाल इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संवेदनशील सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल और मेट्रो स्टेशन पर कड़ी जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button