बेंगलुरु में डॉक्टर पत्नी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: प्रेमिका को भेजे प्राइवेट मैसेज, सर्जन पति गिरफ्तार

बेंगलुरु: बेंगलुरु में एक चर्चित डॉक्टर हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि एक सर्जन पति ने अपनी डॉक्टर पत्नी की हत्या करने के बाद प्रेमिका को निजी मैसेज भेजकर अपराध कबूल किया। आरोपी डॉक्टर महेंद्र रेड्डी पर अपनी पत्नी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका रेड्डी, की हत्या का आरोप है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी ने पत्नी को घर में बेहोशी की दवा (प्रोपोफोल) की ओवरडोज दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने डिजिटल पेमेंट ऐप के जरिए एक महिला को संदेश भेजा—“मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार डाला।” फोरेंसिक जांच में फोन और लैपटॉप से यह डिजिटल ट्रेल बरामद होने के बाद केस ने नया मोड़ ले लिया।
पुलिस को घर से कैनुला सेट, इंजेक्शन ट्यूब और अन्य मेडिकल उपकरण भी मिले हैं, जिससे हत्या को मेडिकल तरीके से अंजाम देने की आशंका मजबूत हुई है। एफएसएल रिपोर्ट में मृतका के शरीर में प्रोपोफोल की पुष्टि होने के बाद पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कई महिलाओं के संपर्क में था और पत्नी की मौत के बाद दोबारा शादी के प्रस्ताव भेज रहा था। पुलिस अब डिजिटल चैट, कॉल रिकॉर्ड और संभावित साजिश के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। यह मामला शहर के मेडिकल समुदाय में भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।



