उत्तराखंड

उत्तरकाशी: धराली में खीर गंगा पर बनेगा मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट पुल, 15 साल के इतिहास के आधार पर तैयार होगी डिजाइन

Listen to this News

उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में पिछले वर्ष तबाही मचाने वाली खीर गंगा नदी पर अब मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट पुल का निर्माण किया जाएगा। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने इस परियोजना को आगे बढ़ाते हुए राजस्व विभाग के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया है। प्रस्तावित पुल का स्पान 40 मीटर होगा और इसके लिए करीब 24 मीटर भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।

पिछले साल अगस्त में खीर गंगा में आई भीषण आपदा के दौरान पानी और मलबे ने धराली में भारी तबाही मचाई थी। कई भवन और होटल प्रभावित हुए थे, जबकि गंगोत्री हाईवे लगभग 25 फीट मलबे में दब गया था। BRO ने अस्थायी रूप से मलबा काटकर कच्ची सड़क बनाकर यातायात बहाल किया था, लेकिन बारिश के दौरान सड़क के फिर बहने का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए अब स्थायी समाधान के तौर पर यह पुल बनाया जा रहा है।

BRO अधिकारियों के मुताबिक, ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत पहले 12 मीटर भूमि अधिग्रहण का सर्वे हो चुका है, जबकि पुल निर्माण के लिए अतिरिक्त 12 मीटर भूमि और ली जाएगी। इस संबंध में जल्द ही ग्रामीणों के साथ बैठक कर सीमांकन और अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह पुल सामान्य पुलों से अलग होगा, क्योंकि मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट का डिजाइन नदी के पिछले 15 वर्षों के जलस्तर और बहाव के अध्ययन पर आधारित होगा। निर्माण एजेंसी पहले नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव, मलबे के दबाव और मानसून के प्रभाव का विश्लेषण करेगी, उसके बाद पिलर और सेल स्ट्रक्चर का अंतिम डिजाइन तैयार होगा। इससे भविष्य में खीर गंगा के उफान के बावजूद यातायात बाधित नहीं होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button