देहरादून: चारधाम यात्रियों की अमरनाथ यात्रा जैसी निगरानी होगी, RFID टैग से हर कदम पर रहेगी नजर

उत्तराखंड की आगामी चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर श्रद्धालुओं को RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) टैग जारी करने का सुझाव दिया है।
इस तकनीक के जरिए प्रशासन को हर समय यह जानकारी मिल सकेगी कि कौन यात्री किस समय किस स्थान पर मौजूद है। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लगाए जाने वाले RFID रीडर श्रद्धालुओं की लोकेशन अपडेट करेंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन, आपदा के समय रेस्क्यू और सुरक्षा इंतजाम बेहतर ढंग से किए जा सकेंगे।
फिलहाल चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण, वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड और यात्रियों के लिए ट्रिप कार्ड की व्यवस्था पहले से लागू है। अब RFID सिस्टम जुड़ने से यह निगरानी और अधिक मजबूत हो जाएगी। इसके साथ ही NDMA ने 60 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट अनिवार्य करने और यात्रा मार्ग की CCTV फुटेज का AI के जरिए विश्लेषण कर भीड़ का आकलन करने का भी सुझाव दिया है।



