रुद्रप्रयाग में भूकंप के झटके: सुबह 5:02 बजे हिली धरती, लोग घबराकर घरों से बाहर निकले

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.06 दर्ज की गई। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप सुबह 5:02 बजे आया और इसका केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में था। इसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भूकंप का असर उत्तरकाशी में भी महसूस किया गया, जहां सुबह करीब 5:13 बजे हल्के झटके दर्ज किए गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।



