उत्तराखंड

श्रीनगर: श्रीयंत्र टापू के पास नदी का जल स्तर बढ़ने से फंसा ट्रक, जल पुलिस ने चालक-हेल्पर को किया रेस्क्यू

Listen to this News

गढ़वाल के श्रीनगर में श्रीयंत्र टापू के पास शुक्रवार दोपहर एक ट्रक अचानक नदी की तेज धारा में फंस गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। ट्रक खनन सामग्री उठाने के लिए नदी किनारे ले जाया गया था, तभी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण जल स्तर तेजी से बढ़ गया और वाहन बीच धारा में अटक गया।

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसआई मुकेश भट्ट के नेतृत्व में राफ्ट की मदद से सबसे पहले ट्रक में मौजूद चालक और हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तेज बहाव के बीच चलाया गया यह रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने दोनों की जान बचा ली।

बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण ट्रक पूरी तरह पानी से घिर गया था और कुछ देर तक चालक व हेल्पर अंदर ही फंसे रहे। राहत की बात यह रही कि समय रहते जल पुलिस पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे खनन और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है, खासकर तब जब बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना हो। इस घटना ने एक बार फिर नदी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button