हरियाणा निकाय चुनाव का बिगुल: पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में 10 मई को वोटिंग, आचार संहिता लागू

चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा में नगर निकाय चुनावों का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य चुनाव आयोग ने पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों समेत कई शहरी निकायों के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक 10 मई 2026 को मतदान होगा, जबकि 13 मई को मतगणना के साथ नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावी तारीखों की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरा शेड्यूल जारी किया। उन्होंने बताया कि अगर किसी बूथ पर जरूरत पड़ी तो 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। इस बार चुनाव सिर्फ नगर निगमों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा समेत कई नगरपालिकाओं में भी मतदान कराया जाएगा।
निकाय चुनावों के साथ-साथ पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव भी होंगे। इनमें जिला परिषद वार्ड, ब्लॉक समिति सदस्य, सरपंच और पंच पदों पर भी वोटिंग कराई जाएगी। पंचायत उपचुनाव के परिणाम मतदान वाले दिन यानी 10 मई को ही घोषित किए जाने की संभावना है।
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगेगी, उनके तबादलों पर पूरी तरह रोक रहेगी। मुख्य सचिव को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा, ईवीएम और पोलिंग स्टाफ की तैयारियां तेज करने को कहा गया है।
राजनीतिक तौर पर यह चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही मेयर और पार्षद चुनावों को प्रतिष्ठा की लड़ाई मानकर मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, जिससे पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।



