उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार में बैसाखी स्नान पर उमड़ा आस्था का सैलाब: हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Listen to this News

हरिद्वार: बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे, जिससे पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं।

गंगा स्नान के लिए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और दिल्ली समेत कई राज्यों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। सुबह से घाटों पर गंगा पूजन, सूर्य अर्घ्य और दान-पुण्य का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं का मानना है कि बैसाखी के दिन गंगा स्नान करने से सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, जल पुलिस और बम निरोधक दस्ते की तैनाती की है। शहर में तीन दिन का ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार 14 अप्रैल को भी बैसाखी स्नान का विशेष योग बन रहा है, ऐसे में प्रशासन को मंगलवार को भी भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आने वाले चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए भी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हरिद्वार के पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिए भी बड़ा अवसर माना जा रहा है। बैसाखी स्नान के चलते धर्मनगरी में होटल, धर्मशालाओं, बाजारों और घाटों पर जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button