देहरादून में पीएम मोदी के रोड शो को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद: कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित रोड शो और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पूरे रोड शो रूट, जसवंत ग्राउंड, डाट काली मंदिर और आसपास के इलाकों को हाई-सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है। पुलिस, एसपीजी, खुफिया एजेंसियां और केंद्रीय सुरक्षा बल लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल और रोड शो रूट के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। बिना अनुमति किसी भी तरह की ड्रोन गतिविधि पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही एंटी-ड्रोन यूनिट, सीसीटीवी सर्विलांस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है।
पीएम मोदी का यह दौरा खास माना जा रहा है क्योंकि वह पहली बार देहरादून में 12 से 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो करेंगे, जिसके लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। चिल्ला, सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट जारी किए गए हैं, ताकि आम लोगों को कम परेशानी हो।
सुरक्षा एजेंसियों ने रोड शो मार्ग पर पड़ने वाली छतों, बहुमंजिला इमारतों, होटलों और संवेदनशील पॉइंट्स की विशेष जांच शुरू कर दी है। पूरे रूट पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, क्विक रिस्पॉन्स टीम और निगरानी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रोड शो के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हो सके। माना जा रहा है कि इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ सकती है।



