
देहरादून। राजधानी में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से विभिन्न बैंकों के 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) तथा नसीरुद्दीन (दिल्ली) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथों पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदल लेते और पिन जानकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।



